Tuesday 28 July 2020

जोंक

जोंक जैसे होते हैं 
कुछ लोग
जो गोंद,लेई 
या अन्य चिपकने वाले पदार्थों के 
अभाव में भी
चिपक जाते हैं 
अपने भीतरी दाँतों की चुभती हुई 
आरियों के सहारे
और लगातार चूसते हुए लहू
शीघ्र ही बना देते हैं
अपने अवलम्ब को जर्जर और शक्तिहीन
जमा लेते हैं 
जब पूर्ण रूप से उस पर 
अपना आधिपत्य
और हो जाते हैं सबल
तब करने लगते हैं 
अनावश्यक रूप से प्रत्येक कार्य में 
दखलंदाजी
बावजूद इसके अवलम्ब 
बनाये रखता है
खुद को एत्मिनान से उसके साथ
उसकी यही समझ 
उसे ले जाती है पतन के 
गहरे खड्ग की ओर
और उसके कुनबे को 
बिखराव की तरफ
मांस और हड्डियों के लालची 
आवारा टाइप के श्वान
घसीटते हुए शोणित सिक्त 
शरीरों में खोजते हैं 
मज़बूत हड्डियां 
बीच बीच में अपनी भौंकन के द्वारा
करते हैं दूसरे प्राणियों के समक्ष
अपनी शक्ति का प्रदर्शन
जिसका तमाशा देखती दुनिया 
एवं अफसोस के शब्दों को दुहराते हुए 
बढ़ जाती है  
उसी रफ्तार से आगे
और जारी रहती है जोक की खून चूसने की
कभी न रुकने वाली प्रवृत्ति
जिसके शिकार बनते रहते हैं
गाहे बेगाहे सीधे सादे जीव

No comments:

Post a Comment